Friday 2 August 2013

स्नोडेन को शरण देने पर रूस और अमेरिका में तनातनी

Image Loading
रूस द्वारा सीआईए के पूर्व निजी कांट्रैक्टर एडवर्ड स्नोडेन को राजनीतिक शरण दिये जाने के बाद अमेरिका, रूस के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा में जुट गया है। ओबामा प्रशासन ने रूस से अनुरोध किया था कि अमेरिकी गुप्त सूचनाएं उजागर करने वाले स्नोडेन को उसे सौंप दे, रूस ने इस अनुरोध को एक सिरे से खारिज कर दिया।
अमेरिकी थिंक टैंक व्रूकिंग्स इंस्टीट्यूशन के प्रमुख स्टीवन पिफर ने रूस के इस कदम को अमेरिकी हितों के विरुद्ध बताया है। रूस के इस रुख को देखते हुए अमेरिकी रणनीतिकार उसके साथ अपने संबंधों पर फिर से विचार करने पर विवश हो रहे हैं। बदलते राजनीतिक परिदृश्य में रूस द्वारा स्नोडेन मामले पर अमेरिकी प्रस्ताव को ठुकराया जाना, बाद में सशर्त एक वर्ष के लिए राजनीतिक शरण मुहैय्या कराने और शरणार्थी का दर्जा देने जैसे कदमों से अमेरिकी विशेषज्ञ द्विपक्षीय संबंधो में तनाव पूर्ण स्थिति के रूप में देख रहे हैं। विशेषज्ञों को आशंका है कि मास्को और वॉशिंगटन के बीच तनातनी का असर रूस के शहर सेंट पीटर्सबर्ग में होने वाले आगामी जी-20 देशों के शिखर वार्ता में भी देखने को मिल सकता है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जे कार्नी ने रूसी कदम से आहत होकर राष्ट्रपति ओबामा से आगामी सितंबर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन का बहिष्कार करने की सलाह दी है। कार्नी ने कहा कि हम रूस के इस कदम से बहुत निराश हैं। हमने स्नोडेन को एक न्याय संगत तरीके से प्रत्यर्पित करने की मांग की थी, जिसे रूस ने ठुकरा दिया। राष्ट्रपति चुनाव में बराक ओबामा के प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन सीनेटर जॉन मैक्केन ने भी रूसी फैसले पर अमेरिकी नीति को पुनर्विचार के लिए कहा है। शीतयुद्ध की समाप्ति के बाद रूस का शांतिपूर्ण उदय और हाल के वर्षों में विभिन्न मसलों पर रूस का अमेरिकी प्रस्ताव पर विरोध से अमेरिकी नीति नियंताओं की चिंता तो पहले से बनी हुई थी। सीरिया मुद्दे पर लगातार रूसी वीटो ईरान के हमले के अमेरिकी प्रस्ताव का विरोध जैसी कई अन्य मुद्दों पर रूसी विरोध से अमेरिका को कूटनीतिक मोर्चे पर पीछे हटना पड़ा है। वहीं, अमेरिका द्वारा रूसी ब्लॉगर और राष्ट्रपति पुतिन के विरोधी नेता एलेकसी नवालनी को अमेरिकी सहयोग रूस को पसंद नहीं है। अमेरिकी सीनेट की उच्चाधिकार प्राप्त शक्तिशाली विदेशी संबंधों की कमेटी के चेयरमैन रॉबर्ट मेंडीज ने रूसी कदम की आलोचना करते हुये कहा कि स्नोडेन अमेरिकी नागरिक है और वह भगोड़ा है, जिसे अमेरिकी अदालत को सौंप देना चाहिये न कि उसे राजनीतिक शरण देना चाहिये। स्नोडेन के मसले पर उपजी दोनों देशों में तल्खी पर सरकार जल्द ही विदेश और रक्षा मंत्री की बैठक बुलाने की तैयारी कर रही है। रूस के साथ चले गतिरोध पर अमेरिका-ईरान के परमाणु कार्यक्रम, अफगानिस्तान में रूसी सहयोग और दोनों देशों के बीच परमाणु मुखास्रो की संख्या में कटौती जैसे मसले पर स्नोडेन विवाद की परछाई नहीं पड़ने देना चाहता है।

No comments:

Post a Comment