Monday 5 August 2013

Indian Army

नई दिल्ली: पाकिस्तान ने पिछले छह महीने में सीमा पर 33 बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है और निरंतर इन घटनाओं में इजाफा हो रहा है लेकिन इसके बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापार सामान्य रूप से जारी है। रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने आज लोकसभा में गोपीनाथ मुंडे के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युद्धविराम उल्लंघन की सर्वाधिक घटनाएं जुलाई महीने में हुई।

उन्होंने बताया कि फरवरी में चार बार, मई में आठ, जून में दस और जुलाई में 11 बार पाकिस्तान ने युद्धविराम का उल्लंघन किया। इन घटनाओं में एक जवान शहीद हो गया और तीन अन्य घायल हो गए।

एंटनी ने बताया कि भारत सरकार ने युद्धविराम उल्लंघन के मसले को लगातार पाकिस्तान के साथ उठाया है। युद्धविराम संबंधी सभी उल्लंघनों को हाटलाइन के स्थापित तंत्र, फ्लैग बैठकों के साथ साथ महानिदेशक (सैन्य गतिविधि) के बीच साप्ताहिक वार्ता के माध्यम से उपयुक्त स्तर पर पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों के साथ उठाया जाता है।

वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री डी पुरंदेश्वरी ने जयवंत गंगाराम आवले के एक अन्य सवाल के लिखित उत्तर में बताया कि भारत एवं पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय व्यापार सुचारू रूप से प्रगति कर रहा है।

उन्होंने बताया कि सितंबर 2012 में इस्लामाबाद में आयोजित भारत-पाकिस्तान के वाणिज्य सचिव स्तर की वार्ता के सातवें दौर में दोनों देशों ने रेल यातायात के जरिए अधिक व्यापार की आवश्यकता पर बल दिया। पुरंदेश्वरी ने बताया कि अमृतसर के अटारी में एक समेकित चेक पोस्ट (आईसीपी) पहले से चालू है।

No comments:

Post a Comment